लूटी गई बोलेरो के साथ सेलफोन बरामद तीन अपराधी गिरफ्तार, दो अब भी फरार...
कैमूर टॉप न्यूज़, कैमूर: कैमूर जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड में शामिल तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जिनमें एक उत्तर प्रदेश का गाजीपुर का निवासी है. बाकी दो अपराधी बक्सर और कैमूर जिला के रहने वाले हैं. लूटी गई बोलेरो के साथ सेलफोन की बरामदगी भी हुई है. लूटी गई बुलेरो उन्होंने उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के सुमित गुप्ता को डेढ़ लाख रुपये में बेच दी थी. उत्तर प्रदेश पुलिस ने लूट कर बेची गई बोलेरो को बरामद कर लिया है. साथ ही लूट के गाड़ी ख़रीदने वाले युवक सुमित को जेल भेज दिया है. एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि लूटकांड को अंजाम देने वाले गिरोह में पांच अपराधी शामिल हैं. सरगना सहित दो अपराधी अभी फरार हैं. गिरफ्तार अपराधियों में इबरार उर्फ सोनी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिलान्तर्गत जमानियां थाना क्षेत्र के देवइथा गांव का निवासी बताया जा रहा है. आशीष राय बक्सर जिला में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव का निवासी तीसरा अपराधी राकेश यादव है. उसका घर कैमूर जिला में दुर्गावती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में है. दस फरवरी को कैमूर जिला के रामगढ़ में धनंजय को नशीला पदार्थ खिलाकर पांच अपराधी बोलेरो और सेलफोन लूट लिए थे. धनंजय बक्सर जिला के मुसाफिरगंज निवासी हैं. एसपी ने बताया कि जांच-पड़ताल के क्रम में दो संदिग्ध गिरफ्तार किए गए. वे दोनों अपना नाम इबरार और आशीष राय बताए. कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इबरार ने बताया कि गिरोह में पांच अपराधी हैं. मुख्य सरगना बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के डीहरी गांव का शौकत अली है. उसी के दिशा निर्देश पर लूट को अंजाम दिया गया था. वारदात के दौरान राकेश दुर्गावती थाना क्षेत्र में खाने-पीने एवं ठहरने के लिए रूम आदि का इंतजाम करता था. लूटे गए सेलफोन का इस्तेमाल आशीष राय कर रहा था. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी दूसरी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे. उन्होंने कहा कि मामले की जांच करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत की जाएगी.



Post a Comment