गर्मी से पहले पानी नहीं, तो जवाबदेही तय!
डीएम का नगर निकायों को अल्टीमेटम – हर हाल में पूरी हों जलापूर्ति योजनाएं
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:जिले में आगामी गर्मी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम जनता को पेयजल संकट से बचाने के लिए जिला पदाधिकारी ने नगर निकायों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले सभी जलापूर्ति योजनाएं हर हाल में पूरी होनी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगर निकायों के अंतर्गत चल रही नल-जल योजना, नाली-गली निर्माण, आवास योजना (HFA) सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।
कचरा प्रबंधन को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। MRF सेंटर और सेनेटरी लैंडफिल साइट के लिए भूमि उपलब्धता की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जहां भूमि संबंधी अड़चनें हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मानसून को देखते हुए प्री-मानसून नाला उड़ाही को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया, ताकि बारिश के दौरान जल-जमाव की समस्या से शहरवासियों को राहत मिल सके।
बैठक में शहर के बढ़ते दबाव को देखते हुए टाउन प्लानिंग और नगर क्षेत्र विस्तार पर भी विचार किया गया। डीएम ने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरी विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
रिपोर्ट: अभिषेक राज



Post a Comment