Kaimur Top News: मातम में बदल गई शहनाई की धुन, द्वारपूजा के समय छज्जा गिरने से दो की मौत, एक दर्जन घायल ..
कैमूर टॉप न्यूज ,कैमुर :जिला के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौगढ़ गाँव में दरवाजे पर पहुँची बारात की द्वारपूजा के दौरान मकान का छज्जा नीचे गिर पड़ा जिसमे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी तथा करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में बराती और गांव के लोग भी शामिल हैं. इस हादसे से शहनाई की धुन मातम मे बदल गई. माहौल गमगीन हो गया. सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की रात्रि भगवानपुर थाना के नौगढ़ में खोभारी कुशवाहा की लड़की की बारात चैनपुर से आयी थी. द्वारपूजा के दौरान यह बड़ा हादसा हो गया. बारात के द्वारपूजा लगने के क्रम में पड़ोस के अर्जुन साह के छत पर से देखने के लिए लोग छज्जा चढ़ गए. इस दौरान जर्जर मकान का छज्जा अचानक टूट कर नीचे गिर आया. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों ने मलबे के नीचे सभी लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया. मलबे में दबकर मरने वालों में अर्जुन साह तथा चहेटू कुशवाहा शामिल हैं.
घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई शव को कब्जे मे कर पोस्टमार्टम हेतु भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
कैमूर टॉप न्यूज के लिए मुबारक अली की रिपोर्ट






Post a Comment