Header Ads

वीडियो: रामगढ़ में पुलिस का रावणराज ..




कैमूर टॉप न्यूज़, रामगढ़: "सैंया भए कोतवाल, अब डर काहे का .." यह कहावत चरितार्थ हुई कैमूर जिले के रामगढ़ थाने में जहां 2 दिन पहले ओवरलोडेड ट्रक को पकड़ा जाता है फिर 40 हज़ार रुपये लेकर छोड़ने की बात होती है लेकिन, ट्रक मालिक मामले को 30 हज़ार में सेट करते हैं और आधा पैसा दे देते हैं. बाकी का पैसा बाद में देने की बात कहने पर बात बिगड़ जाती है और थानेदार कहीं से भी पैसे लाने का फरमान सुना देते हैं.

हैरान-परेशान ट्रक मालिक भभुआ के एएसपी के यहां अपनी गुहार लेकर पहुंचते हैं और मामले की लिखित शिकायत देते हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में यह स्पष्ट कर दिया था कि ट्रक छोड़ने के एवज में 15 हज़ार रुपये घूस लिए जा चुके हैं. यह रकम रामगढ़ के थानेदार द्वारा लेने की बात भी उन्होंने अपने आवेदन में लिखी, जिसके बाद एएसपी ने तुरंत ही रामगढ़ थाने में फोन किया और पैसे लौटाते हुए ट्रक छोड़ने की बात कही. 

ट्रक मालिक के अनुसार एएसपी के फोन के बाद पैसे भी लौट गए और ट्रक भी छूट गई लेकिन, घटना से खार खाए रामगढ़ के थानेदार ने एक नई साजिश रची और वह डीटीओ को लेकर ट्रक मालिक के घर आ पहुंचे जहां उन्होंने ऑन द स्पॉट फाइल करते हुए ट्रक मालिक को 97 हज़ार रुपये तथा दूसरे और ट्रक पर 62 हज़ार रुपये का फाइन लगाते हुए रसीद पकड़ा दी. मामले में गंभीर सवाल उठे, लोगों ने पूछा कि जब ओवरलोडेड ट्रक को थाने से छोड़ दिया गया तो फिर किस आधार पर घर पहुंच कर उसका चालान काटा गया? निश्चित रूप से यह बदले की भावना से किया गया है और यदि ऐसा है तो यह सरासर गलत है. मामले में जिले के वरीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं. कैमरे के सामने अथवा कैमरे के पीछे कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है. हालांकि, अधिकारियों की यही चुप्पी बहुत कुछ कह दे रही है ..

वीडियो: 


- कैमूर टॉप न्यूज़ के लिए अभिषेक राज की रिपोर्ट


No comments