Header Ads

कैमूर में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, मुख्य समारोह में मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियाँ और की कई घोषणाएँ

राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते मंत्री डॉ प्रेम कुमार

कैमूर टॉप न्यूज,
भभुआ
: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में अहले सुबह से देशभक्ति का माहौल रहा। स्कूली बच्चों ने बैंड के साथ प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा निकालकर शहर के मुख्य मार्गों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। जगह-जगह स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई कर माल्यार्पण किया गया। सामाजिक संगठनों और सरकारी कर्मियों ने मिलकर इन स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जगजीवन स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह
जिले के हृदयस्थल जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और सलामी गारद का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कैमूर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया को शुभकामनाएँ दीं। मंत्री ने कहा कि “कैमूर अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है, जिसमें जनता की भागीदारी हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

घोषणाएँ और उपलब्धियाँ
मंत्री ने इस अवसर पर जिले की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ और योजनाएँ गिनाईं- 

ऊर्जा : घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली की सुविधा 1 अगस्त 2025 से लागू, जिससे 1.87 करोड़ उपभोक्ताओं को लाभ।

शिक्षा : ज्ञानदीप पोर्टल के माध्यम से 565 वंचित छात्र-छात्राओं का निजी विद्यालयों में निःशुल्क नामांकन; बालिकाओं के लिए प्रोत्साहन राशि और साइकिल योजना; सभी पंचायतों में कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा।

कृषि : ATMA योजना के तहत उन्नत प्रशिक्षण, खरीफ महाअभियान व किसान जनकल्याण चौपाल–2025 के जरिए 17,860 किसानों को प्रशिक्षण, किसान पाठशालाओं के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा।

राजस्व एवं भूमि सुधार : राजस्व महाअभियान (16 अगस्त–20 सितम्बर) में भूमि अभिलेख अद्यतन और विवाद निस्तारण; बसेरा–1 में 1,512 परिवारों को भूमि वितरण, बसेरा–2 में 1,049 परिवार लाभान्वित; 1,92,136 ऑनलाइन दाखिल–खारिज का निष्पादन।

स्वास्थ्य : आयुष्मान भारत–PMJAY के अंतर्गत 7,54,926 गोल्डन कार्ड निर्मित; अस्पतालों में जीविका दीदी किचन से निःशुल्क भोजन; मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं में नकद अनुदान।

सामाजिक सुरक्षा : पेंशन ₹1,100/माह; अल्पसंख्यक छात्र प्रोत्साहन हेतु ₹70.10 करोड़ का भुगतान; मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना और सांसद/विधायक निधि से दर्जनों योजनाओं का क्रियान्वयन।

नागरिक सेवाएँ : मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 13,834 लाइटें; सभी 146 पंचायतों में RTPS केंद्र; जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पंचायत सचिवों द्वारा जारी।

कानून-व्यवस्था : पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की सतर्कता से नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण, शांति और सद्भाव का वातावरण।


सम्मान समारोह

मंत्री ने जिले के सर्वाधिक टैक्स पेयर तीन व्यक्तियों को शाल देकर सम्मानित किया। परेड प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को पुरस्कार दिए गए। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण और परेड

मुख्य समारोह के बाद जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय, जिला परिषद अध्यक्ष ने जिला परिषद परिसर और उप विकास आयुक्त ने डीआरडीए परिसर में ध्वजारोहण किया। अनुमंडल पदाधिकारियों ने अनुमंडल मुख्यालयों में तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने-अपने मुख्यालयों में झंडोत्तोलन किया। सदर थाना परिसर में थाना अध्यक्ष ने तिरंगा फहराया, वहीं पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक ने ली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता पर जोर दिया।

उत्साह और सहभागिता

समारोह में जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, वरिष्ठ नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, छात्र-छात्राएँ और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। बच्चों की अनुशासित प्रस्तुति और देशभक्ति गीत दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने।

समापन

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “जय हिन्द” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिसने उपस्थित लोगों के मन में देशभक्ति और गर्व की भावना को और प्रबल कर दिया।

रिपोर्ट: अभिषेक राज
(कैमरे की एक झलक):- 

























No comments