Header Ads

वीडियो:कैमूर में झोलाछाप का कहर: गर्भवती महिला की मौत के बाद भड़का आक्रोश, अस्पताल सील


कैमूर टॉप न्यूज,
मोहनिया/भभुआ:
जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही ने एक और परिवार की खुशियां छीन ली। बुधवार को मोहनिया नगर के दुर्गावती सर्विस रोड पर फर्जी तरीके से संचालित मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला श्वेता सिंह (पत्नी – चंदन सिंह, निवासी – कौड़ीराम) की मौत हो गई। हालांकि नवजात शिशु फिलहाल सुरक्षित बताया जा रहा है।
वीडियो :- 1

महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्गावती सर्विस रोड को जाम कर दिया। इधर, घटना के बाद अस्पताल संचालक और पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गए।

पति ने सुनाई पूरी घटना

मृतका के पति चंदन सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात पत्नी की तबीयत बिगड़ी तो उसे मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पहले पानी चढ़ाया और कहा कि बच्चा उल्टा है, रिपोर्ट गलत है। जब परिवार ने दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही तो चिकित्सक ने खुद ऑपरेशन करने की बात कहकर सर्जरी कर दी। बच्चे को निकालने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। देर रात पल्स गिरने पर बार-बार डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य बताया। सुबह तक अस्पताल खाली मिला और पत्नी की मौत हो चुकी थी।
वीडियो :- 2

पुलिस और प्रशासन हरकत में

सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया। मोहनिया अंचलाधिकारी पुष्पलता कुमारी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौजूद रहीं।

वहीं, मोहनिया विधायक संगीता कुमारी ने घटनास्थल पहुंचकर कहा कि जिले में संचालित फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों की सूची मांगी गई है। सभी की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

सिविल सर्जन ने दी चेतावनी

कैमूर सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने कहा कि यह मामला फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से जुड़ा है। अस्पताल को सील कर दिया गया है और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में सरकारी अस्पताल या 102 नंबर पर संपर्क करें। जिले में पर्याप्त एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं, ताकि लोगों की जान ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों के चंगुल से बचाई जा सके।

यह घटना एक बार फिर कैमूर में स्वास्थ्य विभाग की सुस्ती और फर्जी अस्पतालों के बढ़ते जाल को उजागर करती है। परिजन जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

- कैमूर से अभिषेक राज के साथ भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार
वीडियो:1

वीडियो:2







No comments