स्वतंत्रता दिवस पर तालाब में डूबने से किशोर की मौत, गांव में मातम
कैमूर टॉप न्यूज, भभुआ:जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के मनिहारी गांव से स्वतंत्रता दिवस के दिन दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार को ध्वजारोहण समारोह के बाद तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मनिहारी मध्य विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन संपन्न होने के बाद छात्र रवि कुमार (पुत्र गुड्डू बिंद) अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह तालाब के किनारे पहुंच गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक रवि कुमार मनिहारी गांव का निवासी था और कक्षा 6 का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।
घटना की सूचना पर नगर परिषद सभापति विकास तिवारी उर्फ बबलू तिवारी और विधायक प्रतिनिधि पवन बिंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने भभुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी से बात कर मृतक परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दिलवाई। इसके अलावा उन्होंने निजी स्तर पर भी 5 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की। जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हुई इस घटना से गांव का उत्सव का माहौल गमगीन हो गया है। लोगों ने मासूम की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
- भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार



Post a Comment