Header Ads

रामगढ़ प्रखंड में धूमधाम से तिरंगे को दी गई सलामी..

राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते रामगढ़ थानाध्यक्ष राजू कुमार

कैमूर टॉप न्यूज,
रामगढ़:
प्रखंड क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे उत्साह, उल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शुक्रवार सुबह से ही विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे प्रखंड मुख्यालय परिसर में हुई, जहां प्रखंड प्रमुख संतोष कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराकर देश के वीर सपूतों को नमन किया। राष्ट्रगान की गूंज और तिरंगे को सलामी देने के दृश्य ने वहां उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
नगर पंचायत परिसर में मुख्य परिषद ने तिरंगे को दी सलामी


इसके बाद सुबह 8:50 बजे नगर पंचायत परिसर में मुख्य पार्षद मंजू देवी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर नगर परिषद के कर्मचारी, वार्ड पार्षद, स्थानीय नागरिक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नगर परिषद परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
रेफरल अस्पताल परिसर में चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सुरेंद्र सिंह ने तिरंगे को दिए सलामी
सुबह 9:00 बजे रेफरल अस्पताल परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने तिरंगा फहराया। अस्पताल स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी और मरीजों के परिजन भी इस अवसर पर शामिल हुए। डॉ. सिंह ने सभी को स्वस्थ और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।

इसी क्रम में रामगढ़ थाना परिसर में थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को देश सेवा में ईमानदारी और निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

सभी स्थानों पर ध्वजारोहण के बाद मिठाई वितरण किया गया। कार्यक्रमों में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। बच्चों ने तिरंगे झंडे लहराए और देशभक्ति के गीत गाकर माहौल को जोश और गर्व से भर दिया।

देशभक्ति के नारों "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" की गूंज पूरे प्रखंड में सुनाई देती रही, जिससे यह स्वतंत्रता दिवस रामगढ़ के लोगों की यादों में लंबे समय तक अंकित रहेगा।

- रामगढ़ से मंटू प्रसाद की रिपोर्ट 






No comments