कैमूर से बड़ी खबर : महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफ़ा, जिलाध्यक्ष पर लगाया महिलाओं का अपमान करने का आरोप
कैमूर टॉप न्यूज, भभुआ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में अंदरूनी विवाद एक बार फिर सतह पर आ गया है। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सीमा पांडेय ने प्रेसवार्ता कर पार्टी से इस्तीफ़ा देने की घोषणा की। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे पार्टी में महिलाओं को सम्मान नहीं देते।
सीमा पांडेय ने कहा कि “मैंने पिछले डेढ़ दशक से पार्टी के लिए लगातार काम किया है। हजारों महिलाओं को पार्टी से जोड़ा और चुनावों में बूथ स्तर तक जाकर सक्रिय भूमिका निभाई। लेकिन पिछले 6 महीनों से हमें किसी भी बैठक में न तो बुलाया जा रहा है और न ही कोई सूचना दी जा रही है। पूछने पर जिलाध्यक्ष साफ कहते हैं कि आप अपेक्षित नहीं हैं।”
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “इतने लंबे समय तक भाजपा के लिए दिन-रात काम करने के बाद यह स्थिति बेहद निराशाजनक है। जिलाध्यक्ष और कुछ कार्यकर्ताओं के रवैये से मेरा मनोबल टूट गया है। इसलिए मैंने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है।”
हालांकि, सीमा पांडेय ने साफ किया कि उनकी नाराजगी एनडीए गठबंधन या पार्टी की शीर्ष नेतृत्व से नहीं है, बल्कि केवल कैमूर जिला इकाई के कामकाज और रवैये से है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री हमेशा महिलाओं को सम्मान और सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन कैमूर में जिलाध्यक्ष इस सिद्धांत के विपरीत व्यवहार कर रहे हैं।
भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार की रिपोर्ट



Post a Comment