Header Ads

विश्वकर्मा पूजा पर CM नीतीश कुमार ने सीधे डीबीटी से 16 लाख निर्माण श्रमिकों के खाते में ₹5000 की सहायता राशि का किया हस्तांतरण

कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ :बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग द्वारा विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर निर्माण श्रमिकों के कल्याण हेतु आयोजित वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से निबंधित योग्य निर्माण श्रमिकों के खातों में ₹5000 की सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने पटना से किया। इस अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी व श्री विजय कुमार सिंह भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम संसाधन मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने की। पूरे बिहार राज्य के सभी जिले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना से जुड़े रहे।

कुल 16 लाख से अधिक निबंधित योग्य निर्माण श्रमिकों को कुल ₹800 करोड़ से अधिक की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। उल्लेखनीय है कि पहले यह सहायता राशि ₹2500 थी, जिसे सरकार ने बढ़ाकर ₹5000 कर दी है।

कैमूर जिले में भी समाहरणालय मुंडेश्वरी सभा कक्ष में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी कैमूर, उप विकास आयुक्त कैमूर, श्रम अधीक्षक चंदन कुमार और सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे। सैकड़ों श्रमिक भाई बहनों ने इस योजना का लाभ प्राप्त किया।

जिलाधिकारी कैमूर ने उपस्थित श्रमिकों को प्रेरित करते हुए बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से स्वयं का निबंधन कराते हुए अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी। श्रम अधीक्षक चंदन कुमार ने विशेष रूप से बताया कि ₹5000 की यह राशि प्राप्त करने के लिए किसी संस्था, विभाग या व्यक्ति को आवेदन या कागजात जमा करने की आवश्यकता नहीं है। अगर कोई व्यक्ति इसके बहाने पैसे या कागजात मांगता है तो यह पूर्णतः जालसाजी है, जिसकी सख्त कार्यवाही की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रमिकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। यह योजना राज्य सरकार की समाज कल्याण और श्रमिक हितैषिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में मानी जा रही है।







No comments