Header Ads

भगवान गणिनाथ महाराज की जयंती पर भभुआ में पूजा महोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ आर्य समाज मंदिर


कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:
संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ महाराज की जयंती के अवसर पर शनिवार को भभुआ शहर स्थित आर्य समाज मंदिर में पूजा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में कैमूर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कानू हलवाई वैश्य महासभा से जुड़े समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और हवन-पूजन कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणिनाथ महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया गया। हवन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

समाज के सचिव संजय कुमार आर्य ने बताया कि भगवान गणिनाथ महाराज कानू हलवाई समाज के कुल देवता हैं। भादो मास के शनिवार को उनकी जयंती मनाने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवान गणिनाथ महाराज का जन्म पटना के उस पार गंगा तट पर हुआ था। देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों में रहने वाले समाज के लोग भी उनकी जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।

संजय कुमार आर्य ने कहा कि भगवान गणिनाथ महाराज ने समाज के लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। जयंती के अवसर पर समाज के लोगों ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन में जदयू नेता चंद्र प्रकाश आर्य, पूर्व कैप्टन त्रिवेणी साह, सभापति जैनेंद्र कुमार आर्य, संजय कुमार, मारवाड़ी साह, अमरेंद्र आर्य, सूरज कुमार, मनोज गुप्ता सहित वैश्य समाज के कई लोग मौजूद रहे। पूजा महोत्सव को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भभुआ से संवाददाता अभिषेक राज की रिपोर्ट 







No comments