Header Ads

Kaimur Top News: बालिका डिग्री कॉलेज नहीं शुरू होने पर गरजे पूर्व विधायक, कहा- जुमलेबाजी में माहिर है भाजपा के लोग

कैमूर टॉप न्यूज़, दुर्गावती: "क्षेत्रीय लोगों की मांग पर दो वर्ष पूर्व यूपी-बिहार सीमा पर सैयदराजा में 13 करोड़ रुपए खर्च कर बालिका डिग्री कॉलेज का निर्माण मेरे द्वारा कराया गया. इसके बावजूद भी आज तक पठन-पाठन का कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र की बहू बेटियां उच्च शिक्षा लेने के लिए चंदौली मुगलसराय बनारस पढने जाने को मजबूर हैं.बालिका डिग्री कॉलेज सैयदराजा शो पीस बना हुआ है." यह बातें पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा प्रेस वार्ता के दौरान कही गई. उन्होंने कहा कि चंदौली का मेडिकल कॉलेज मिर्जापुर में चला गया. लेकिन अपने को विकास पुरुष कहलाने भाजपा के सांसद सोए हुए हैं. ऐसे लोगों को जगाने के लिए किसान नेता चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर 23 दिसंबर से समाजवादी पार्टी जनसंवाद यात्रा सैयदराजा से शुरू करेगी. विधायक गुरुवार को यूपी बिहार बॉर्डर पर स्थित बीपी ढाबा पर प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सूबे की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग केवल जुमलेबाजी करने में माहिर हैं. जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. इसके लिए हम लोग 23 दिसंबर को पौहारी बाबा कुटिया सैयदराजा के पास से जनसंवाद यात्रा निकालेंगे, तथा 24 दिसंबर को क्षेत्र के एक दर्जन गांव में भ्रमण कर लोगों से रूबरू होकर इनके हकीकत को बताएंगे. उन्होंने कहा कि 2017 मे नरवन क्षेत्र में भुजना के पास मेरे द्वारा निजी फंड से पंप कैनाल लगाया गया. यह प्रोजेक्ट 19 लाख का था. उस प्रोजेक्ट का 70% काम उसी समय करवा दिया गया. उसके बाद आचार संहिता लग गया.जिससे पूरा प्रोजेक्ट का कार्य मैं पूरा नहीं करवा पाया, अगर भाजपा के सांसद 15 से 20 लाख रुपए उस प्रोजेक्ट में दे देते तो वह पंप कैनाल चालू हो गया होता. यहां के क्षेत्रीय नेता अपने को विकास पुरुष कहलाने वाले नेताओं से आग्रह कर इस परियोजना को पूरा करवाने का कार्य करें. अगर वे ऐसा नहीं पाए तो 2019 में मैं स्वयं बनवाने का कार्य करूंगा. उन्होंने कहा इसी तरह चारी में 2 साल पहले 39 करोड़ की लागत से पंप कैनाल बना 95% काम भी हो गया है. 16 किलोमीटर अंडर ग्राउंड पाइप बिछाकर घोसवां स्थित नहर में पानी गिराना है. हमारे यहां के विकास पुरूष अपने को कहने वाले क्या सो गए हैं? प्रेस वार्ता के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रामजनम सिंह यादव, अंगद यादव, राजकुमार, गुड्डू सिंह, नीतीश राय, मनोज गुप्ता समेत कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे. - कैमूर टॉप न्यूज़ के लिए मुबारक अली की रिपोर्ट




No comments