Header Ads

धोखे से शौचालय निर्माण की राशि प्राप्त करने वालों के विरुद्ध दर्ज होगी प्राथमिकी...


कैमूर टॉप न्यूज,कैमूर: प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में शौचालय पर मिलने वाली अनुदान राशि लेने के लिए बिना शौचालय का निर्माण कराए ही लोग आवेदन जमा कर रहे हैं. ऐसे में अनुदान राशि लेने में धोखाधड़ी करने वालों पर कार्रवाई करने की बात कही गई है. बताया गया कि अनुदान राशि को लेने के लिए लोगों के द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. किसी के द्वारा एक ही शौचालय का फोटो अलग-अलग तरीके से खींच कर दो शौचालय होने की बात कह कर आवेदन जमा किया जा रहा है तो किसी के द्वारा अधूरे शौचालय पर ही अनुदान राशि लेने के लिए आवेदन जमा कर दिया जा रहा है. कई ऐसे भी लोग हैं जो एक ही शौचालय पर दो-दो बार अनुदान राशि प्राप्त कर चुके हैं. वैसे सभी लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. वर्तमान में अनुदान राशि प्राप्त करने को दिए गए आवेदनों पर जिओ टैगिग करने को जब स्थल पर कर्मी पहुंच रहे हैं तो वहां की स्थिति कुछ और ही नजर आ रही है. किसी के द्वारा सिर्फ दो गड्ढे खोद कर छोड़ा गया है तो किसी के द्वारा निर्मित शौचालय का उपयोग उपला रखने के लिए किया जा रहा है. मतलब घर में शौचालय निर्माण होने के बाद भी शौचालय का उपयोग किसी और कार्य के लिए किया जा रहा है और खुद खुले में शौच करने जाते हैं. प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता कार्यालय में जमा आवेदन के आधार पर विकास मित्र जब स्थल पर जिओ टैगिग के लिए पहुंच रहे हैं तो वहां शौचालय अपूर्ण पाया गया है.  बावजूद ऐसे आवेदकों के द्वारा अनुदान राशि लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है. कुछ लोग तो इसकी शिकायत जिला तक करने पहुंच जा रहे हैं. इस तरह की समस्या विकास मित्रों के पास प्रतिदिन आ रही हैं. इन सभी का सबसे मुख्य कारण यह है कि जिस घर में एक शौचालय का निर्माण करवाया गया है. उसी शौचालय पर घर के सभी सदस्यों के द्वारा अलग-अलग आवेदन अनुदान प्राप्त करने के लिए दिया गया है. जब जिओ टैगिग के लिए कर्मी स्थल पर पहुंच रहे हैं तो वहां सिर्फ एक ही शौचालय बना मिल रहा है. वैसे सभी आवेदकों को चिह्नित किए जा रहे हैं. उन सभी के ऊपर सरकारी अनुदान राशि धोखाधड़ी से प्राप्त करने की प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. 


No comments