Header Ads

वीडियो:एक ही गांव से तीन अर्थियां उठीं, हर आंख नम – आसमान से गिरी मौत


कैमूर टॉप न्यूज,
मोहनिया:
सोमवार की सुबह कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरई गांव के सिवान में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर तरफ मातम छा गया।

मरने वाली महिलाओं की पहचान कुरई गांव निवासी मनोज राम की पत्नी कुमारी देवी, मदन राम की पत्नी प्रेम शीला देवी और अशोक राम की पत्नी मंगरी देवी के रूप में हुई है। वहीं घायल महिलाओं में मीरा देवी, जानकी देवी, कुंती देवी, श्रीराम की पत्नी और गीता देवी शामिल हैं। सभी महिलाएं गांव के ही खेत में सोहनी करने गई थीं।
वीडियो:

खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर टूटा कहर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब दस बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ आसमान में बादल गरजने लगे। तभी खेत में काम कर रही करीब एक दर्जन महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर पड़ी। देखते ही देखते सात महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण खेत की ओर दौड़े। तीन महिलाओं की मौत मौके पर ही हो गई जबकि बाकी महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

पूरे गांव में पसरा मातम, नम हुई हर आंख

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सोमवार की दोपहर जब पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव गांव पहुंचे तो माहौल और गमगीन हो गया। एक ही गांव से एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरे कुरई गांव में मातम छा गया।
वीडियो

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख

घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया विधायक संगीता कुमारी, जिला पार्षद गीता पासी और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतक परिवारों को आपदा राहत कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं जिला पार्षद ने सरकार से तत्काल मुआवजा देने की मांग की।

मोहनिया थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है और घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया में कराया जा रहा है।

दुखों का पहाड़ टूटा

गांव के लोग बताते हैं कि तीनों मृतक महिलाएं सुबह घर से नाश्ता कर खेत में सोहनी करने गई थीं। किसी ने नहीं सोचा था कि यह सुबह इतनी काली साबित होगी। अब उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक का रो-रोकर बुरा हाल है।

- मुबारक अली की रिपोर्ट 







No comments