66 लाख खर्च के बाद भी जलजमाव एवं गंदगी से निजात नहीं ..
कैमूर टॉप न्यूज़, दुर्गावती (कैमूर): प्रखंड अंतर्गत कर्मनाशा बाजार में जलजमाव एवं गंदगी से बाजार वासी काफी परेशान हैं. इस समस्या को लेकर लोगों के द्वारा कई बार पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया. इसके बावजूद भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका. बताते चलें कि जल निकासी एवं रास्ते की समस्या को लेकर बाजार वासियों की तरफ से कई बार जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को अवगत कराने के बाद इसके ऊपर पहल किया गया. फरवरी 2019 में दुर्गावती प्रखंड के उत्क्रमित इंटर कॉलेज धनेछा मे बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम था. इसी कार्यक्रम में कैमूर जिला सहित दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र में स्थित कई योजनाओं का शिलान्यास किया गया. जिसमें कर्मनाशा बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 से लेकर रेलवे स्टेशन तक 400 मीटर ढलाई कार्य एवं उसके दोनों तरफ नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. कार्य के शिलान्यास करने के कुछ महीने बाद कार्य को प्रारंभ किया गया, कार्य करते समय कार्य में हो रही अनियमितता को देखते हुये बाजार वासियों की तरफ से कई बार विरोध किया गया लेकिन, कार्य कर रही एजेंसी के ऊपर इसका कोई असर नहीं पड़ा.
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो से लेकर रेलवे स्टेशन तक 400 मीटर लंबा ढलाई एवं दोनों तरफ नाली निर्माण का कार्य ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के तहत कराया गया है. इस कार्य में कुल 66 लाख 33 हजार 666 रूपया खर्च किया गया है. कार्य कराते समय बाजार वासियों द्वारा कार्य में हो रही अनियमितता का विरोध करने के बावजूद भी कार्य में काफी लापरवाही बरती गई. दोनों तरफ नाली एवं ढ़लाई का कार्य बनकर पूर्ण हो चुका है. लेकिन, जल निकासी की समस्या जैस कि तस बरकरार है. हाल ही में ढ़ाली गयी सड़क मे जगह जगह गड्ढे हो गए हैं जिसमें जलजमाव हो रहा है तो वहीं नालियों से पानी नहीं निकलने के कारण बदबू आ रही है. कहीं-कहीं ढक्कन लगाया गया है तो कहीं-कहीं ढक्कन भी नहीं लगाया गया है, जिससे बाजार वासी काफी चिंतित हैं.




Post a Comment