हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने गये व्यक्ति की चिकित्सक ने कर दी नसबंदी..
कैमूर टॉप न्यूज,चैनपुर : जिले के चैनपुर सीएचसी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है.यहां एक युवक की नसबंदी धोखे में कर दी गयी. आरोप है कि युवक हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने गया था लेकिन डॉक्टर ने उसकी नसबंदी कर दी.कैमूर में स्वास्थ्य विभाग अपने कारनामों को लेकर हमेशा चर्चा में बना रहता है.अब नया कारनामा चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामने आया है, जहां हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने गये व्यक्ति की चिकित्सक ने नसबंदी कर दी है. पीड़ित व्यक्ति चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरिया गांव निवासी राम दहिन यादव का पुत्र मनका यादव है. मंगलवार की देर शाम नसबंदी की जानकारी होते ही परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा कर दिया.परिजनों ने कहा कि जब हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आये थे, तो चिकित्सक ने बगैर सोचे-समझे नसबंदी कर दी है. पीड़ित के पिता रामधनी यादव ने बताया कि चिकित्सक ने पुत्र के हाइड्रोसील का ऑपरेशन के बजाय नसबंदी कर दी है. उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सक पर गलत ढंग से पुत्र के नसबंदी करने का आरोप लगाया है.पीड़ित के पिता ने बताया कि मनका यादव की शादी हो गयी है. लेकिन बच्चा नहीं है. अब नसबंदी के बाद बगैर औलाद के ही रह जायेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि अब चिकित्सक की लापरवाही का खामियाजा अब उनके बेटे को पूरी जिंदगी भुगतना पड़ेगा.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ये मामला जानकारी में आया है. इसकी विभागीय जांच करायी जा रही है.
मुबारक अली की रिपोर्ट

Post a Comment