रामचंद्र सिंह यादव का आरोप– ‘मोदी, योगी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से गरीबों का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा’
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:कैमूर से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा रविवार को सासाराम पहुंची, जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा आयोजित थी। इस यात्रा का नेतृत्व भभुआ के पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह यादव ने किया। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल होकर सासाराम पहुंचे।
सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए रामचंद्र सिंह यादव ने कहा कि यह यात्रा मौजूदा सरकार की तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “मिलीभगत से गरीब जनता और मुसलमानों का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा है। यह कदम लोकतंत्र को खत्म कर देश की गरीब जनता को दोबारा गुलाम बनाने की साज़िश है।”
उन्होंने आगे कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया था ताकि कोई भी वर्ग—चाहे गरीब हो या पिछड़ा—अपनी पसंद का नेता चुन सके। “संविधान ने व्यवस्था की है कि राजा सिर्फ रानी की कोख से पैदा नहीं होगा, बल्कि मेहतरानी की कोख से भी राजा बन सकता है, क्योंकि वोट ही उनकी असली शक्ति है।”
यादव ने कहा कि इस यात्रा का मकसद जनता को जागरूक करना और उन्हें यह संदेश देना है कि सही सरकार चुनने के लिए हर नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने सासाराम की धरती से सरकार बदलने का संकल्प लिया और लोगों से राहुल गांधी की जनसभा में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।
- भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार की रिपोर्ट



Post a Comment