Header Ads

चैनपुर पहुंचे हेमंत चौबे, जनसुराज में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत..


कैमूर टॉप न्यूज,
चैनपुर:
जनसुराज पार्टी में शामिल होने के बाद गुरुवार को कैमूर जिले के चैनपुर पहुंचे हेमंत चौबे का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला।

हेमंत चौबे, बक्सर के पूर्व सांसद और भाजपा के दिग्गज नेता रहे दिवंगत लालमुनि चौबे के पुत्र हैं। वे चैनपुर विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी होंगे। चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि वे हमेशा अपने पिता की विचारधारा पर चलते आए हैं और उसी सोच के साथ राजनीति में कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “मेरे पिता ने जनता के हक और अधिकार के लिए जीवनभर संघर्ष किया। जनता के बीच उनकी एक पहचान रही। मैं भी उसी राह पर चलकर बिहार की जनता की आवाज बनना चाहता हूं।”

भाजपा पर साधा निशाना

अपने भाषण के दौरान हेमंत चौबे ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में विचारधारा से भटके लोग कुर्सी पाकर भ्रष्टाचार की गंगोत्री में डुबकी लगा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “कंबल ओढ़कर घी पीना भाजपा नेताओं की पहचान बन गई है। उनका आचरण और चरित्र समाज के लिए खतरा है। इस स्थिति को बदलने का काम केवल जनसुराज कर सकती है।”

उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरे बिहार में जनसुराज की लहर चलेगी। “जब तक प्रशांत किशोर जनसुराज में हैं, तब तक बिहार में किसी भी पार्टी की सरकार बनने का सवाल ही नहीं है। इस बार जनता बदलाव चाहती है और बिहार में मुख्यमंत्री प्रशांत किशोर ही बनेंगे,” चौबे ने कहा।

‘मिशन’ बनाम ‘कमीशन’

जनता से अपील करते हुए हेमंत चौबे ने कहा कि नेता अक्सर दो रास्तों पर चलते हैं – एक मिशन और दूसरा कमीशन। लेकिन जनसुराज ने कमीशन की राजनीति को गंगा में बहा दिया है और केवल मिशन पर चल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मिशन भ्रष्टाचार को खत्म करना और बिहार को एक विकसित राज्य बनाना है।

युवाओं के लिए रोज़गार की गारंटी

चौबे ने विशेष रूप से युवाओं की समस्याओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसुराज बिहार के युवाओं को बेहतर रोजगार की सुविधा देगी। “अब समय आ गया है कि बिहार के युवा बाहर जाकर मजदूरी या नौकरी करने को मजबूर न हों। जनसुराज ऐसा माहौल बनाएगी कि यहां के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार और सम्मान दोनों मिलेगा।”

कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

इस मौके पर जनसुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। हेमंत चौबे के जनसुराज में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह की नई ऊर्जा देखने को मिली। मंच से चौबे के भाषण के दौरान बार-बार नारेबाजी और तालियों की गड़गड़ाहट होती रही।

चैनपुर पहुंचने पर चौबे ने कहा कि आने वाले चुनाव में वे जनता के समर्थन से जीत हासिल करेंगे और भ्रष्टाचार मुक्त, विकासशील बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।

- भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार की रिपोर्ट 








No comments