Header Ads

जिलावासियों को जल्द मिलेगी राहत, रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव बहाली की उम्मीद ..

रेल राज्य मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए रामगढ़ विधायक अशोक कुमार सिंह

कैमूर टॉप न्यूज,
भभुआ:
जिले की जनसमस्याओं को लेकर रामगढ़ विधानसभा के भाजपा विधायक अशोक कुमार सिंह ने मंगलवार को रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक ने मंत्री जी को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा और कर्मनाशा, दुर्गावती एवं मोहनियां रेलवे स्टेशनों पर आठ महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव पुनः बहाल करने की मांग प्रमुख रूप से रखी।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह से मुलाकात कर जिले की समस्याओं पर चर्चा करते रामगढ़ विधायक अशोक कुमार सिंह


गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान इन ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था। इसके चलते जिले के यात्रियों, छात्रों, किसानों और व्यापारियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पटना, वाराणसी, दिल्ली व अन्य बड़े शहरों तक सीधी रेल सुविधा बाधित होने से आमजन को आर्थिक व शैक्षणिक गतिविधियों में भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

मुलाकात के दौरान विधायक ने जिले की यातायात व्यवस्था से जुड़े दो अहम अधूरे कार्यों को भी उठाया। उन्होंने कर्मनाशा बाजार के पास ओवरब्रिज तथा खड़सरा आर.ओ.बी. का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि इन पुलों का निर्माण नहीं होने से आम जनता को सड़क जाम, दुर्घटनाओं और समय की बर्बादी जैसी गंभीर समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। यदि ये निर्माण कार्य शुरू हो जाएं तो हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुगम हो जाएगी।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह के साथ शिष्टाचार भेंट के बाद हाथ मिलाते रामगढ़ विधायक अशोक कुमार सिंह


रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह ने विधायक अशोक कुमार सिंह की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जिले की इन जनसमस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ट्रेनों का ठहराव बहाल करने पर सकारात्मक पहल होगी और ओवरब्रिज व आर.ओ.बी. निर्माण कार्य को भी शीघ्र आगे बढ़ाया जाएगा।

मंत्री के इस आश्वासन से जिलेवासियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब निकट भविष्य में होगा।

“जिले की जनता की सुविधा और विकास मेरी पहली प्राथमिकता है। ट्रेनों का ठहराव बहाल हो और ओवरब्रिज व आर.ओ.बी. का निर्माण शीघ्र शुरू हो, इसके लिए मैं लगातार प्रयास कर रहा हूँ। मंत्री जी के आश्वासन से अब जिलेवासियों को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।”
- अशोक कुमार सिंह
विधायक,रामगढ़ विधानसभा 

रिपोर्ट: अभिषेक राज






No comments