Kaimur Top News: जिले में चल रहे मैरिज हॉलों के संचालकों को टैक्स भरने का आदेश
कैमूर टॉप न्यूज़, कैमूर: जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित अन्य प्रखंडों में मैरिज हॉल संचालित किए जा रहें हैं. लेकिन इनके संचालकों द्वारा टैक्स नहीं दिया जा रहा है. जिसके चलते जिला प्रशासन को राजस्व को नुकसान हो रहा है.भभुआ नगर की बात करें तो लगभग एक दर्जन मैरिज हॉल हैं.
इनमें एक-दो को छोड़ शेष टैक्स नहीं दे रहें हैं.इसके अलावा इन मैरिज हॉल के संचालित होने से लोग सफाई का ध्यान भी नहीं दे रहें हैं. इन मैरिज हॉल में शादी विवाह सहित अन्य कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं और इस दौरान नाश्ता, भोजन के लिए उपयोग में लाए जाने वाले प्लेटों को लोग इधर-उधर फेंक देते हैं.जिसके चलते नगर के उन स्थानों पर जहां मैरिज हॉल हैं वहां गंदगी का अंबार लगा रहता है.खास कर लगन के मौसम में गंदगी का अंबार अधिक दिखता है.नगर परिषद द्वारा नगर परिषद क्षेत्र में आने वाले घरों के लोगों से टैक्स की अदायगी के लिए बार-बार दबाव बनाया जाता है. लेकिन इन मैरिज हॉल के संचालकों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
इस मामले को डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया है. डीएम ने नगर परिषद को सभी मैरिज हॉल से टैक्स की अदायगी करने के लिए दिशा निर्देश जारी करने को कहा है. डीएम के निर्देश के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
ईओ ने बताया कि नगर में संचालित होने वाले मैरिज हॉल में किसी कार्यक्रम को करने से पहले नगर परिषद को सूचना देनी होगी.कार्यक्रम कराने के लिए नगर परिषद के पास 400 रुपये जमा करने होंगे.राशि जमा करने के बाद नगर परिषद के सफाई कर्मी कार्यक्रम की तिथि को पहुंच कर हॉल की सफाई करेंगे.उन्होंने कहा कि संचालकों को टैक्स की अदायगी करने के लिए कहा गया है. जिनके द्वारा टैक्स नहीं जमा किया जाएगा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.



Post a Comment