दुर्गा पूजा को लेकर कैमूर प्रशासन अलर्ट, DJ पर पूर्ण प्रतिबंध; पंडालों में CCTV अनिवार्य
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:दुर्गा पूजा के दौरान अगर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो प्रशासन की नजर से बचना आसान नहीं होगा। पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कैमूर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूजा और विसर्जन के दौरान DJ के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि प्रमुख पूजा पंडालों में CCTV कैमरे और अग्निशमन उपकरण लगाना अनिवार्य किया गया है।
बुधवार को समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य, पूजा समितियों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बैठक में पूजा आयोजन से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई।
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिवत लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है। बिना अनुमति कोई पंडाल या आयोजन संचालित नहीं किया जा सकेगा। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख पंडालों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाने तथा पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने को कहा गया है।
लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को भी निर्धारित डेसिबल सीमा और तय समय तक सीमित रखा जाएगा। महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए पूजा समितियों को पहचान-पत्र वाले सक्रिय स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक खबर या सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नगर निकाय और विद्युत विभाग को पंडालों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा लटकते बिजली तारों की मरम्मत समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय प्रशासन को इसकी सूचना दें।



Post a Comment