Kaimur Top News: भभुआ नगर में स्थित हवाईअड्डे की हालत ख़राब,नहीं जा रहा प्रशासन का ध्यान
कैमूर टॉप न्यूज़, कैमूर: जिले का इकलौता हवाई अड्डा भभुआ नगर में स्थित है.लेकिन इसकी बदहाली इस कदर हो गई है कि आज हवाई अड्डा अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है. हवाई अड्डा के चारों तरफ के साथ-साथ परिसर की स्थिति भी काफी खराब है. जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण अब तो हवाई अड्डा के आसपास रहने वाले लोग भी इसकी सफाई व सुंदरता को लेकर लापरवाह बन चुके हैं.तभी तो घरों का गंदा पानी हवाई अड्डा परिसर में गिर रहा है और मवेशियों का अड्डा बन चुका है.इसकी बदहाली को और बढ़ाने में नगर परिषद भी कुछ कम नहीं है.
नगर परिषद के सफाई कर्मियों द्वारा वार्डों से जो कूड़ा का उठाव किया जा रहा है वह हवाई अड्डा के मुख्य द्वार के सामने ही गिराया जा रहा है. जो तेज हवा चलने पर हवाई अड्डा परिसर में ही पहुंच रहा है. इसके चारों तरफ बनी चहारदीवारी आज टूट कर समाप्त हो चुकी हैं. जिसके चलते चारों तरफ से पशु प्रवेश करते रहते हैं.
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में हुआ था सुंदरीकरण :-
वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान जब पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम हुआ था. तब मात्र चार दिन के अंदर हवाई अड्डा को सुंदर बनाया गया था. इसके चारों तरफ की चहारदीवारी का निर्माण कर पूरे परिसर में मिट्टी डलवाई गई थी. लेकिन पीएम के कार्यक्रम के बाद इस हवाई अड्डा पर किसी का ध्यान नहीं गया. यहां तक की हवाई अड्डा तक जाने वाली जो सड़क है वह भी जर्जर हो चुकी है. जिसके चलते इस रास्ते से चार पहिया तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
भभुआ में कोई मैदान इन दिनों नहीं है खेलने योग्य:-
जिला मुख्यालय भभुआ में इन दिनों खिलाड़ियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.नगर में स्थित जगजीवन स्टेडियम भी पिछले तीन महीने से बंद है. इसके सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है.वहीं हवाई अड्डा में तो ऐसी स्थिति हो गई है कि कोई दस मिनट बैठ नहीं सकता.
कूड़ों व गंदे पानी के जमाव से उठ रही दुर्गंध लोगों को परेशान कर दे रही है. ऐसे में सरकारी विद्यालयों के परिसर का सहारा लेकर खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं.वहीं सुबह में टहलने वाले लोग भी सड़कों पर ही टहल रहें हैं.क्योंकि नगर में स्थित राजेंद्र सरोवर में बीते दिनों डूबने से एक छात्र की हुई मौत के बाद कोई यहां नहीं जाना चाह रहा है. सुरक्षा की ²ष्टिकोण से राजेंद्र सरोवर के सभी गेट को भी पूरे दिन बंद रखा जा रहा है. ताकि पुन: कोई इस तरह की दुर्घटना न हो.
क्या कहते हैं पदाधिकारी:-
इस संबंध में पूछे जाने पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव ने बताया कि हवाई अड्डा में जो घरों का पानी गिर रहा है उसके लिए वार्ड दो में नाला का निर्माण कराया जाएगा.इसके लिए मार्च माह में टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. वहीं कूड़ा निस्तारण के लिए जगह की तलाश की जा रही है.
जैसे ही जगह मिल जाएगी हवाई अड्डा के पास कूड़ा नहीं गिराने दिया जाएगा.वैसे लोगों को मना किया गया है.अब पहले से कम लोग ही यहां कूड़ा फेंक रहें हैं. उन्हें भी चिह्नित कर मना किया जाएगा.नहीं मानने पर कार्रवाई की जाएगी.



Post a Comment