Kaimur Top News: “नो हेलमेट नो पेट्रोल’’ का नियम लागू
कैमूर टॉप न्यूज़ ,कैमूर: “नो हेलमेट नो पेट्रोल’’ का नियम जिले में पहली बार लागू होगा. ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने लोगों में हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की प्रवृत्ति और जान माल की सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह नियम लागू करने का निर्णय लिया है. हालांकि राज्य के कई जिलों में नो हेलमेट नो पेट्रोल का नियम लागू किया जा चुका है. जिला परिवहन पदाधिकारी प्रभात कुमार झा ने बताया कि वैसे तो परिवहन विभाग प्रत्येक शनिवार को हेलमेट डे पर विशेष अभियान चलाकर जांच की जाती है. सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत भी लोगों को ट्रैफिक रूल्स का पालन करने और हेलमेट पहनकर बाइक चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.बावजूद लोगों में हेलमेट पहनने की प्रवृत्ति नहीं अपनाने से कई सड़क दुर्घटनाओं में देखा जा रहा है कि लोग असमय ही अपनी जान गंवा दे रहे हैं. जबकि हेलमेट को अनिवार्य किया गया है. विभाग ने नई पहल करते हुए यह निर्णय लिया है कि पेट्रोल पंप पर वैसे बाइक चालकों को ही पेट्रोल दिया जाएगा जो हेलमेट पहने हुए होंगे. इसके लिए शीघ्र ही जिले के सभी पेट्रोल पंप मालिकों के साथ मीटिंग कर इस पर विस्तृत चर्चा कर इसे लागू किया जाएगा.
हेलमेट नहीं लगाने वाले वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल
हेलमेट की बढ़ेगी बिक्री, युवाओं पर रहेगी नजर
ऐसा नहीं कि बाइक चलाने वाले सभी लोग हेलमेट नहीं पहनते. कई जागरूक लोग सुरक्षा के दृष्टिकोण से हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाते है. युवा वर्ग में हेलमेट पहनने की प्रवृत्ति का काफी कम दिखती है. नया नियम लागू हो जाने के बाद हेलमेट की बिक्री में भी उछाल आने की संभावना है. इस नियम के बाद लोगों में हेलमेट पहनने की प्रवृत्ति भी बढ़ेगी. कई लोग कुछ रुपए बचाने के चक्कर में सस्ते क्वालिटी का भी हेलमेट खरीदते हैं जो किसी दुर्घटना के समय बड़ी क्षति पहुंचाने का कारण भी बन सकता है.
नियम को लागू कराना जरूरी
राज्य के ही कई जिलों में नो हेलमेट नो पेट्रोल का नियम लागू है। स्थानीय प्रशासन को इस नियम को लागू कराने में काफी मशक्कत भी झेलनी पड़ सकती है.सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 7 दिनों तक ट्रैफिक नियमों को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है.हालांकि सबसे बड़ी चुनौती इसकी सतत निगरानी में होगी. लोगों का कहना है कि नियम बन तो जाते हैं, मगर उसका पालन कराना जरूरी है.
विभागीय पहल सराहनीय है.
पेट्रोल मालिकों के साथ होगी मीटिंग
इस बारे में डीटीओ प्रभात कुमार झा ने कहा कि नो हेलमेट नो पेट्रोल के नियम को सख्ती के साथ लागू किया जाएगा.शीघ्र ही पेट्रोल पंप मालिकों के साथ मीटिंग कर सहमति बनाई जाएगी. इसकी नियमित जांच भी होगी.
सीसीटीवी से रहेगी नजर
नो हेलमेट नो पेट्रोल के नियम को सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा.पेट्रोल पंप पर पंप कर्मियों को भी इसके लिए निर्देशित किया जाएगा. डीटीओ ने कहा कि समय-समय पर इसकी जांच भी होगी. पेट्रोल पंप मालिकों से इस संदर्भ में विस्तृत चर्चा भी होगी.उसके बाद इस नियम को कड़ाई के साथ पालन किया जाएगा.पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए भी इस पर निगरानी रखी जाएगी.




Post a Comment