रामगढ़ रेफरल अस्पताल बना हाई-टेक, 7.5 लाख की मशीनों से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत
कैमूर टॉप न्यूज,रामगढ़: जिले के रामगढ़ स्थित रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। अब यहां गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की बेहतर निगरानी के लिए अत्याधुनिक कार्डियोटोकोग्राफी (CTG) मशीनें उपलब्ध हो गई हैं। बिहार राज्य स्वास्थ्य आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड द्वारा अस्पताल को दो नई मशीनें प्रदान की गई हैं, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इन दोनों मशीनों की कुल लागत लगभग 7.5 लाख रुपये है। ये मशीनें पूरी तरह ऑटोमैटिक हैं और हाल ही में अस्पताल को प्राप्त हुई हैं। खास बात यह है कि इन्हें तुरंत ही चालू कर मरीजों की सेवा में लगा दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही बेहतर जांच और निगरानी संभव हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि यह मशीन प्रसव के दौरान और उससे पहले मां और गर्भ में पल रहे शिशु की स्थिति की सटीक जानकारी देती है। इसके माध्यम से शिशु की हृदय गति (हार्टबीट) की लगातार निगरानी की जा सकती है, साथ ही प्रसव पीड़ा की तीव्रता और समय का भी सही आकलन किया जा सकता है। मशीन द्वारा ऑटोमैटिक रूप से डेटा रिकॉर्ड कर तुरंत प्रिंटेड रिपोर्ट भी दी जाती है, जिससे डॉक्टरों को निर्णय लेने में काफी सहूलियत मिलती है।
इस तकनीक के आने से अब यह भी आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि गर्भ में पल रहा शिशु पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं। इससे जटिल मामलों में समय रहते उचित इलाज संभव होगा और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने की उम्मीद है।
अस्पताल प्रशासन ने यह भी बताया कि मशीनों के सुचारु संचालन के लिए एएनएम (ANM) स्टाफ को पहले ही इंजीनियरों द्वारा प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षित स्टाफ के कारण मरीजों को तुरंत और सही जांच सुविधा मिल पाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्र के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।
रामगढ़ से मंटू प्रसाद की रिपोर्ट



Post a Comment