Kiamur Top News: धान खरीद की गड़बड़ी मामले में पूर्व सीओ मो. अलाउद्दीन अंसारी भेजे गए जेल
कैमूर टॉप न्यूज,कैमूर: धान खरीद में गड़बड़ी के मामले में पटना से गिरफ्तार कुदरा के पूर्व सीओ मो. अलाउद्दीन अंसारी को बुधवार को गया जेल भेज दिया गया. उन पर चार वर्ष पूर्व धान खरीद मामले में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी. जिसके बाद जांच के लिये गठित एसआईटी ने उन्हें दोषी पाते हुए मंगलवार को गांधी मैदान के पास से गिरफ्तार कर रात को कुदरा थाने लायी.पुलिस टीम का नेतृत्व कुदरा थाना के अवर निरीक्षक रवीन्द्र प्रसाद कर रह थे.
गिरफ्तार पूर्व सीओ पटना प्रमंडल कार्यालय में उप निदेशक (कल्याण) के पद पर तैनात थे.
बताया जाता है कि यह मामला वर्ष 2013-14 का है, जब मो. अलाउदीन अंसारी कुदरा में सीओ के पद पर कार्यरत थे.तब 2015 में धान अधिप्राप्ति में गड़बड़ी के मामले में कुदरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. एक करोड़ से अधिक के इस मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट निर्गत था.
पटना उच्च न्यायालय के आदेश पर धान के बदले चावल की आपूर्ति में हुए घोटाले की जांच के लिए सीआईडी के अधिन एसआईटी का गठन किया गया था. सरकार द्वारा की जा रही धान अधिप्राप्ति के घोटाले में एक करोड़ से अधिक की जांच एसआईटी सीधे तौर पर कर रही थी, जबकि इससे कम राशि की जांच में एसआईटी द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही थी.
इस संबंध में डीएसपी रघुनाथ सिंह ने बताया कि धान के गड़बड़ी मामले में उक्त सीओ पर कुदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज था. जिसमें भभुआ न्यायालय से उनके खिलाफ वारंट निकला था. उसी आधार पर पुलिस ने पटना से सीओ को गिरफ्तार किया.
धान खरीद में वर्षों से चल रही है गड़बड़ी :
कुदरा सरकारी द्वारा धान अधिप्राप्ति में जिले में कई वर्षों से गोरखधंधा चल रहा है. जिसमें लोग कम कीमत की भूमि दिखाकर अधिकारियों की मिलीभगत से अधिक कीमत की कागजात बनवा लिये हैं. जिसके सहारे धान अधिप्राप्ति में गड़बड़ी करते हैं. मामले की शिकायत मिलने पर सरकार ने कड़ा रूख अपनाया, जिसके बाद जिले के दर्जनों मिलरों और अधिकारियों पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी है.जिसके बाद मामले में लिए गये राशि की वसूली के लिए कार्रवाई शुरू हुई.इसी घटना में कुदरा के पूर्व अंचल अधिकारी की गिरफ्तारी से मामले में संलिप्त लोगों के होश उड़े हुए हैं.




Post a Comment