Kaimur Top News: शराबियों पर नकेल कसने के लिए कैमूर व यूपी की पुलिस ने संयुक्त कार्य योजना
कैमूर टॉप न्यूज़,कैमूर: लोकसभा चुनाव के साथ-साथ अपराधियों व शराब कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए कैमूर व यूपी की पुलिस ने संयुक्त कार्य योजना पर काम शुरू कर दी है. इसको अमलीजामा पहनाने के लिए रविवार को नगर के कैमूर होटल में कैमूर व यूपी के दो जिलों की पुलिस की संयुक्त बैठक हुई.
जिसमें कैमूर के पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद,एएसपी, एएसपी अभियान, मोहनियां के डीएसपी रघुनाथ सिंह, भभुआ के डीएसपी अजय प्रसाद, चंदौली के एएसपी अभियान प्रेमचंद,मोहनियां के थानाध्यक्ष शरदेन्दु शरत,सहित जिले के सभी थानाध्यक्ष,चंदौली व सोनभद्र जिला के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.बैठक में शांतिपूर्वक लोकसभा चुनाव सम्पन्न कराने, नक्सल गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधियों व शराब कारोबारियों पर नकेल कसने सहित कई बिदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई. कैमुर एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि इससे अंतर प्रांतीय अपराधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी.
होली पर्व के मौके पर यूपी से ही शराब कारोबारी शराब लाने का प्रयास करेंगे. यूपी पुलिस की मदद से शराब कारोबारियों पर नकेल कसी जाएगी.यूपी व कैमूर जिले के थानाध्यक्ष व पुलिस के जवान सीमा पर कड़ी नजर रखेंगे. हर हाल में शराबबंदी कानून का कड़ाई से अनुपालन होगा.इसमें जो भी बाधक बनने का प्रयास करेगा उसे जेल की हवा खानी पड़ेगी. बैठक में कैमूर व यूपी की सीमा पर नक्सल गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष कार्य योजना बनाई गई.सोनभद्र, चंदौली व कैमूर पुलिस नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाएगी.बैठक में यूपी व कैमूर के पदाधिकारियों ने अपराधियों की सूची का आदान प्रदान किया. यूपी के जो अपराधी कैमूर जिले में सक्रिय हैं .उनकी धरपकड़ के लिए जिला की पुलिस सघन अभियान चलाएगी. यूपी पुलिस उसमें भरपूर सहयोग करेगी. वहीं, कैमूर जिला के जो अपराधी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं या वहां से अपराध करने के बाद जिला में छिपे हुए हैं उनकी गिरफ्तारी को सघन अभियान चलाया जाएगा.
बैठक के बाद कैमूर व उत्तर प्रदेश की पुलिस पदाधिकारियों ने सीमा पर जाकर विधि व्यवस्था का जायजा लिया.यूपी व बिहार की सीमा पर तैनात संयुक्त टीम ऐसे लोगों पर कार्रवाई को तैयार रहेगी.






Post a Comment