Header Ads

भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ, 28 जनवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान


कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ
:भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की क्षति को कम करने और आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कैमूर जिले में गुरुवार से भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का उद्घाटन किया।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशानिर्देशों के आलोक में चलाए जा रहे इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य लोगों को भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है। प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन ने बताया कि कैमूर जिला भूकंपीय क्षेत्र-III में स्थित है, जिसे मध्यम जोखिम वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में पुरानी और असुरक्षित इमारतें भूकंप के समय बड़े नुकसान का कारण बन सकती हैं, जिसे पूर्व तैयारी और सही निर्माण तकनीक से काफी हद तक रोका जा सकता है।
भूकंप सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत 16 से 28 जनवरी तक जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में सघन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग, निबंध लेखन, वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता, नारा लेखन और प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही मॉकड्रिल के माध्यम से बच्चों को भूकंप के समय सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय भी सिखाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर को सौंपी गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक जागरूकता के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं। 17 से 22 जनवरी तक प्रखंड स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों और राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण की तकनीकी जानकारी दी जाएगी, जिसमें ईंट, सीमेंट, बालू और छड़ के सही उपयोग पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा 17 से 28 जनवरी तक सभी अंचलों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से आपदा से बचाव के गुर सिखाए जाएंगे।
वहीं 15 से 28 जनवरी तक भूकंप से संबंधित लघु फिल्मों और जागरूकता संदेशों का प्रदर्शन नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि फ्लैक्स, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और विजुअल्स के माध्यम से भूकंप सुरक्षा उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचे।
किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन संचालन केंद्र द्वारा 101, 112 तथा जिला आपातकालीन केंद्र, कैमूर का हेल्पलाइन नंबर 06189-222080 जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पखवाड़े के दौरान आयोजित मॉकड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें और सुरक्षित भविष्य की दिशा में जागरूक कदम बढ़ाएं।






No comments