अब कोई किसान नहीं रहेगा वंचित—डीएम ने एफआर व ई-केवाईसी को लेकर दिए सख्त आदेश
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके, इसके लिए कैमूर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायत स्तर पर चल रहे एफआर (Farmer Registry) एवं ई-केवाईसी कैंपों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। गुरुवार को डीएम ने कुदरा प्रखंड अंतर्गत चिलबिली पंचायत के पटखौलिया गांव में आयोजित एफआर एवं ई-केवाईसी कैंप का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मियों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कैंप में मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और पंजीकरण प्रक्रिया, ई-केवाईसी की स्थिति, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता तथा कर्मियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कैंप में आने वाले प्रत्येक किसान का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कई महत्वपूर्ण कृषि योजनाओं का लाभ पाने के लिए एफआर और ई-केवाईसी अनिवार्य है। यदि किसान समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो वे सरकारी लाभ से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष पात्र किसानों को चिन्हित कर पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी किसान पीछे न छूटे।
डीएम ने कैंप में तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर, बायोमेट्रिक उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट समय पर जिला स्तर को भेजने का निर्देश दिया, जिससे कार्य की नियमित समीक्षा की जा सके।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक कैमूर जिले में कुल 11,230 किसानों का एफआर कार्य पूर्ण किया जा चुका है। प्रशासन का लक्ष्य है कि शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीकरण और ई-केवाईसी समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
जिला प्रशासन ने सभी किसान बंधुओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पंचायत में आयोजित विशेष कैंप में समय पर पहुंचकर एफआर एवं ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं। इससे न केवल उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलेगा, बल्कि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या से भी बचा जा सकेगा।
- अभिषेक राज,कैमूर



Post a Comment