Header Ads

कैमूर में 77वें गणतंत्र दिवस की सभी तैयारियां पूर्ण, जगजीवन स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह


कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैमूर जिले में भव्य एवं गरिमामय आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय परंपरा, गौरव और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलेभर में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विविध आयोजन किए जाएंगे। इस संबंध में जिला जनसम्पर्क कार्यालय, कैमूर की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विस्तृत जानकारी दी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। जिला मुख्यालय भभुआ में मुख्य समारोह का आयोजन जगजीवन स्टेडियम में किया जाएगा, जहां प्रातः 09:00 बजे माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार सरकार एवं कैमूर के सह-प्रभारी मंत्री श्री रामकृपाल यादव के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा।
मुख्य समारोह में परेड, सलामी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों एवं कर्मियों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है।
जिला प्रशासन द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम की समय-सारणी भी निर्धारित कर दी गई है। इसके तहत समाहरणालय, कैमूर में प्रातः 10:15 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 10:20 बजे, विकास भवन में 10:25 बजे, अनुमंडल कार्यालय भभुआ में 10:40 बजे, नगर थाना परिसर में 10:50 बजे तथा पुलिस लाइन, भभुआ में प्रातः 11:10 बजे ध्वजारोहण संपन्न होगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा देने के उद्देश्य से जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में अपराह्न 02:30 बजे से फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, अनुशासन और शालीनता के साथ मनाएं तथा जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करें।






No comments