राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कैमूर में मैराथन व वृक्षारोपण, बेटियों के सशक्त भविष्य का दिया गया संदेश
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ:राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैमूर जिले में महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे समाहरणालय परिसर से हुई, जहां से जगजीवन स्टेडियम तक लगभग दो किलोमीटर लंबी जागरूकता मैराथन निकाली गयी। मैराथन में जिले की छात्राओं, महिला कर्मियों, युवाओं और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन और बैनर लेकर बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।
मैराथन प्रतियोगिता में पुष्पा कुमारी ने प्रथम स्थान, नसीब खातून ने द्वितीय स्थान तथा कुमारी आकृति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रोशनी कुमारी सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। सफल प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे जिला परिषद कार्यालय के सामने स्थित मैदान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी ने स्वयं पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियां समाज का भविष्य हैं और उनका संरक्षण, शिक्षा व सशक्तिकरण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज किया गया वृक्षारोपण बालिकाओं के उज्ज्वल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य का प्रतीक है।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक सोच में बदलाव लाने का अभियान है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) रेखा कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक प्रियंका राज, जिला परियोजना अधिकारी (जलशक्ति विभाग) मोहन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मी तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और बालिका सशक्तिकरण को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।



Post a Comment