Header Ads

एक सप्ताह में करा लें जीवन प्रमाणीकरण, वरना बंद हो सकता है पेंशन





कैमूर टॉप न्यूज,रामगढ़:सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के लिए जरूरी खबर है। पेंशनधारियों को अपना जीवन प्रमाणीकरण (Life Verification) समय पर कराना अनिवार्य है। इसी को लेकर सोमवार को रामगढ़ प्रखंड के अहिवास पंचायत अंतर्गत विदामनचक गांव में विशेष अभियान चलाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़ के निर्देश पर विकास मित्र सह जिला समन्वयक कैमूर जय शंकर राम के नेतृत्व में टीम ने घर-घर पहुंचकर पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन किया।

अभियान के दौरान पेंशन से संबंधित लंबित जीवन प्रमाणीकरण वाले लाभुकों का मौके पर ही सत्यापन किया गया। साथ ही मृत पेंशनधारियों को चिन्हित करने और लंबे समय से घर पर नहीं मिलने वाले लाभुकों की जानकारी जुटाने का काम भी किया गया।

जय शंकर राम ने पेंशनधारियों को जागरूक करते हुए कहा कि जिन लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे इसे जल्द से जल्द करा लें। उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने पर संबंधित लाभुक का पेंशन भुगतान प्रभावित होकर बंद हो सकता है। उन्होंने सभी लाभुकों से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए निर्धारित समय के भीतर अपना जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करा लें।

अभियान के दौरान कुल 55 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण किया गया। सत्यापन के दौरान 7 लाभुक मृत पाए गए, जबकि दो लाभुक घर से बाहर मिले। मृत लाभुकों को चिन्हित किए जाने से पेंशन योजना के रिकॉर्ड को भी अपडेट करने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी। घर-घर जाकर किए गए इस अभियान से ग्रामीणों में पेंशन संबंधी सत्यापन को लेकर जागरूकता बढ़ी।

इस दौरान जिला समन्वयक विकास मित्र कैमूर जय शंकर राम के साथ सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना राम, तेज नारायण राम, संतोषी देवी, झुरी राम, सुरेंद्र राम, कुसमी देवी, सदन राम, सुमित्रा देवी, नौलखिया कुंवर, शिव वचन राम, सुदामा कुंवर, लाल बहादुर राम, राधिका कुंवर, धीरेंद्र सिंह, श्रीकांत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अभियान के पांच बड़े बिंदु

1. एक सप्ताह के अंदर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील।
2. विदामनचक में डोर-टू-डोर पहुंची टीम।
3. कुल 55 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण हुआ।
4. सत्यापन में 7 मृत लाभुक चिन्हित किए गए।
5. दो लाभुक घर से बाहर मिले, आगे भी अभियान जारी रहेगा।



भभुआ से संवाददाता विशाल कुमार की रिपोर्ट


No comments