नवरात्र में मां मुंडेश्वरी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सुविधा को प्रशासन ने कसी कमर
कैमूर मो असरफ के साथ जिला संवाददाता अभिषेक राज की रिपोर्ट
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ: शारदीय नवरात्र के दौरान प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के साथ-साथ भीड़, यातायात, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी सिलसिले में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मां मुंडेश्वरी धार्मिक न्यास समिति और संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नवरात्र के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
जाम से निपटने के लिए बनेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। चिन्हित स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था के साथ ड्रॉप गेट और नो-एंट्री प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य मंदिर क्षेत्र में वाहनों की भीड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित करना है।
पानी और बिजली की होगी पर्याप्त व्यवस्था
दर्शन के लिए कतार में लगने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए मार्ग और मंदिर परिसर के आसपास वाटर टैंकर, स्थायी प्याऊ और आरओ जल काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। वहीं नवरात्र के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विद्युत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
CCTV से 24 घंटे निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर, सीढ़ी मार्ग, प्रवेश-निकास द्वार और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारियों की भी तैनाती होगी।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी रहेगी तैनात
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। मेडिकल टीम, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां और एंबुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि मां मुंडेश्वरी धाम बिहार का प्रमुख धार्मिक केंद्र है और यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, न्यास समिति के सदस्य और संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।



Post a Comment