Kaimur Top News: सदर अस्पताल स्थित एएनएम स्कूल सह छात्रावास की प्रशिक्षु नर्सों ने किया भोजन बहिष्कार
कैमूर टॉप न्यूज़,कैमूर: सदर अस्पताल स्थित एएनएम स्कूल सह छात्रावास की प्रशिक्षु नर्सों ने बुधवार सुबह संवेदक के स्तर से दिए गए घटिया भोजन को खाने से इन्कार कर दिया.
भोजन बहिष्कार का मामला संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सीएस को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसपर सीएस अरूण कुमार तिवारी ने तत्काल सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह व डीपीएम धनंजय शर्मा के साथ एएनएम स्कूल सह छात्रवास में पहुंच मामले की तहकीकात शुरू की. जिसमें आरोप सही पाया गया. सीएस ने संवेदक आलोक कुमार को बुलवा कर शिकायत से अवगत कराते हुए आगे से गुणवत्तापूर्ण भोजन देने की हिदायत दी.
साथ ही कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई शिकायत मिली तो पूर्व के भुगतान को न सिर्फ बाधित कर दिया जाएगा बल्कि ली गई राशि की वसूली करते हुए टेंडर भी रद कर दिया जाएगा. प्रधानाचार्य राजेश कुमार गौर की उपस्थिति में स्कूल की प्रशिक्षु नर्सों से भोजन के संबंध में पूछताछ की गई. प्रशिक्षु नर्सो ने एक स्वर में जांच पदाधिकारियों को बताया कि संवेदक द्वारा सुबह नाश्ता व दोपहर तथा शाम को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रति छात्रा 2250 रुपये प्रति माह लिया जाता है. भोजन की गुणवत्ता बेहद ही खराब होती है.कई बार गुणवत्ता में सुधार लाने का अनुरोध भी किया गया. इसके बावजूद संवेदक द्वारा कोई सुधार नहीं लाया गया. प्रशिक्षु नर्सो ने बताया कि खाने को मिलने वाली दाल में हल्दी व पानी के साथ दाल के एक दो दाने ही दिखाई देते है. दूध में पानी अधिक रहता है.इसी प्रकार से अन्य भोजन की भी गुणवत्ता ठीक नहीं रहती है.
जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
सीएस ने डीपीएम व अस्पताल प्रबंधक अजय कुमार को एएनएम स्कूल में प्रशिक्षु नर्सों का दिए जाने वाले भोजन को स्वयं ग्रहण कर उसके गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. डीपीएम धनंजय शर्मा ने अपना मोबाइल नंबर प्रशिक्षु नर्सों को देते हुए कोई भी परेशानी होने पर सूचना देने को कहा.
गर्म पानी के लिए मांगा गया था पांच रुपये
उल्लेखनीय है कि स्कूल सह छात्रावास की प्रशिक्षुओं को गर्म पानी मांगने पर रसोईया द्वारा पांच रुपए लेने का मामला भी दो दिन पूर्व चर्चा में आया था, लेकिन यह बात छात्रावास परिसर में ही दब कर रह गई.संवेदक स्कूल में कार्यरत किसी जेएनएम से संबंधित बताया जाता है.आप को बता दें कि प्रशिक्षण केंद्र में 53 छात्राएं नर्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है.






Post a Comment