शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन ऑल आउट, लगातार जारी है छापेमारी..
कैमूर टॉप न्यूज़,कैमूर: सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में शराब के धंधेबाजों पर नकेल कसने के लिए उत्पाद विभाग व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी अभियान चला कर कार्रवाई कर रहा है. मिली जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत कैमूर जिले को शराब से मुक्ति दिलाने का कार्रवाई करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. लक्ष्य के मुताबिक कार्रवाई युद्ध स्तर पर की जा रही है. लगातार शराब तस्करों एवं शराबियों का धरपकड़ जारी है. गुप्त सूचना के आधार पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है. पुलिस के ऑल आउट अभियान से शराब तस्कर एवं शराबियों में भय व्याप्त है. फिर भी लुक छुप कर शराब बेचने एवं पीने का सिलसिला जारी है. देखना यह होगा कि पुलिस अपने निर्धारित लक्ष्य में किस हद तक सफलता प्राप्त करती है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक के निर्देश के आलोक में जिले में संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शराब के धंधे के साथ-साथ ताड़ी बेचने वालों पर भी कड़ी नजर रख कर कार्रवाई का क्रम जिले में चल रहा है. इस कार्रवाई को मूर्त रूप देने के लिए पुलिस विभाग व उत्पाद विभाग द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है. गठित टीमें लगातार अपने लक्ष्य को भेदने में लगी हुई है. कार्रवाई के तहत अब तक कई लोगों को अवैध शराब व ताड़ी बेचने के मामले में जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है. उन्होंने बताया कि कैमूर जिले को मिले लक्ष्य के अनुसार लगातार कार्रवाई की जाएगी.



Post a Comment