Header Ads

गर्मी से सूखे चापानल तालाब व पोखर, लोगों में पानी को लेकर हाहाकार...


कैमूर टॉप न्यूज़,कैमूर: भीषण गर्मी और अधिक तापमान से लोग परेशान हैं. लेकिन इससे अधिक परेशानी अब पानी को लेकर उत्पन्न हो गई है. बीते डेढ़ माह से अधिक तापमान के कारण तालाबों व नदियों के अलावा अन्य जलस्त्रोतों में एक बूंद पानी नहीं बचा है. भू जल स्तर नीचे जाने के चलते गांवों में लगे चापाकल भी पूर्व में ही जवाब दे चुके हैं. गांव में लगे एक दो सबमर्सिबल से लोग पानी का प्रबंध बीते कई दिनों से कर रहे थे. ऐसे में लोगों के साथ-साथ अब पशु-पक्षियों को भी पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है. अब तक एक बूंद बारिश नहीं होने के कारण पानी कहीं नही बचा है. विभाग द्वारा भले ही प्रयास कर लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा हो, लेकिन मवेशियों के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में मवेशियों को लेकर किसानों में काफी चिता देखी जा रही है. मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना किसानों के लिए काफी कठिन कार्य हो गया है. लोग सुबह में कई बाल्टी पानी ला कर मवेशियों के लिए रख रहे हैं. ताकि उन्हें कम से कम पानी पिलाया जा सके. लेकिन सुबह में लाया गया पानी कुछ देर बाद गर्म हो जा रहा है. जिसे मवेशी पीना नहीं चाह रहे हैं. ऐसे में किसान बार-बार वैसे स्थानों पर पहुंच रहे हैं जहां सबमर्सिबल लगा हो. यही हाल जिले के पहाड़ी क्षेत्रों का है. पहाड़ी क्षेत्रों में मवेशियों के साथ-साथ लोगों को भी पानी के लिए परेशानी हो रही है. लोग दो-तीन किमी दूर जा कर चापाकल या सबमर्सिबल से पानी ला कर अपने घरेलू कार्यों को पूरा कर रहे हैं. सुबह शाम पूरा परिवार पानी के इंतजाम में लग जा रहा है. इसके चलते अन्य काम भी ठप हैं. लोगों ने बताया कि बरसात यदि कुछ दिन और नहीं होगी तो लोगों के बीच हाहाकार मच जाएगी. वहीं अब किसान भी बारिश के इंतजार में आसमान की तरफ टकटकी लगाए हुए हैं. लेकिन अब तक इंद्रदेव की मेहरबानी नहीं हुई है.


No comments