कैमूर के 1.70 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंची जुलाई की पेंशन, 19.33 करोड़ रुपये जारी..
हर लाभार्थी को मिले ₹1,100, जिले के करीब 22 हजार पेंशनधारियों के लिए जरूरी सूचना—जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया तो रुक सकता है लाभ
कैमूर टॉप न्यूज,भभुआ: जिले के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जुलाई माह की पेंशन राशि जिले के 1 लाख 70 हजार 788 पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1 करोड़ 1 लाख 32 हजार 888 पेंशनधारियों के खाते में जुलाई माह की पेंशन राशि भेजी। प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये की दर से भुगतान किया गया है।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सहित संबंधित पदाधिकारी एवं पेंशन लाभार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पेंशनधारियों को आश्वस्त किया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पिछले महीने की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे पेंशनधारियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच सकेगी।
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में सबसे अधिक लाभार्थी
कैमूर जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है। आंकड़ों के अनुसार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 36,272, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,324 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना के 1,064 लाभार्थी हैं।
इसी तरह मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत जिले में 96,397 पेंशनधारी, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12,849 और बिहार दिव्यांग पेंशन योजना के 16,882 लाभार्थी हैं। इन सभी योजनाओं को मिलाकर जिले में कुल 1,70,788 पेंशनधारी हैं।
इन लाभार्थियों को जुलाई माह की पेंशन के भुगतान के लिए सरकार की ओर से कुल 19 करोड़ 33 लाख 38 हजार 900 रुपये की राशि जारी की गई है।
22 हजार पेंशनधारियों की पेंशन पर संकट!
पेंशन भुगतान के बीच जिले के करीब 22 हजार पेंशनधारियों के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इन पेंशनधारियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है। जीवन प्रमाणीकरण नहीं होने के कारण संबंधित लाभार्थी पेंशन की राशि से वंचित हैं।
प्रशासन ने ऐसे सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपने आधार कार्ड के साथ नजदीकी CSC या वसुधा केंद्र पहुंचकर जीवन प्रमाणीकरण कराएं। प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण में किसी प्रकार की परेशानी होने पर लाभार्थी अपने क्षेत्र के विकास मित्र से संपर्क कर सकते हैं। विकास मित्र के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराकर भी जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पात्र पेंशनधारियों को पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिल सकेगा। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके लिए यह सूचना बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रशासन की अपील है कि पेंशनधारी जीवन प्रमाणीकरण को लेकर लापरवाही न बरतें और जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पेंशन योजना का लाभ सुनिश्चित करें।




Post a Comment